हमीरपुर। बड़सर के साथ सदर थाना हमीरपुर पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना हमीरपुर के तहत वाल्मीकि मोहल्ला में पांच आरोपियों को चिट्टा की डोज लेते धरा गया है। इन पांचों से पुलिस ने 28.72 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक मकान में दबिश दी। इस दौरान एक कमरे से पांच युवाओं को चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है।
युवकों को पुलिस ने भागने का मौका नहीं दिया तथा मामले में तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पांच युवक एक जगह पर एकत्रित होकर चिट्टा का सेवन कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही पांचों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक युवक निवासी वार्ड नंबर तीन वाल्मीकि मोहल्ला, दूसरा आरोपी निवासी वार्ड नंबर पांच कृष्णानगर, तीसरा आरोपी निवासी वार्ड नंबर तीन वाल्मिकी मोहल्ला रूपनगर, चौथा आरोपी वाल्मीकि मोहल्ला निवासी हादरपुर होशियारपुर और पांचवें आरोपी स्थायी निवासी होशियारपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डाॅ. आकृति शर्मा ने बताया कि पांच युवकों को चिट्टा के साथ पकड़ा गया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।