आरटीओ ने चिह्नित किए स्थान, बिजली बोर्ड ट्रांसफार्मर स्थापित करने का करेगा कार्य
उखली, भोटा, विकासनगर और नादौन उपमंडल में दो स्थान हुए हैं चयनित
प्रदेशभर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए स्थापित किए जा रहे चार्जिंग स्टेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रदेशभर में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को बढ़ावा देेने के लिए चार्जिंग स्टेशनों को स्थापित करने का कार्य युद्धस्तर पर करवाया जा रहा है। जिला हमीरपुर में इलेक्ट्रिक वाहन (ई-वी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए पांच स्थान चिह्नित किए हैं। चिह्नित स्थानों पर शीघ्र ही चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का कार्य शुरू होगा। इन स्टेशनों के लिए जिला क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारों को चुना गया है। चयनित स्थानों की रिपोर्ट परिवहन निदेशालय भेज दी गई है। रिपोर्ट आने और बजट जारी होने के बाद आगामी समय में चार्जिंग स्टेशनों को स्थापित करने का कार्य शुरू होगा। चार्जिंग स्टेशनों के स्थापित होने से आगामी समय में स्थानीय लोगों के अलावा चंडीगढ़ और धर्मशाला आने-जाने वाले वाहन चालकोंं को इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने की सुविधा मिलेगी। भविष्य में मांग के आधार पर जिले में चार्जिंग स्टेशनों की संख्या को बढ़ाया जाएगा, ताकि इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को वाहनों को चार्ज करने में परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे उखली, भोटा, जिला क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय विकासनगर, उपमंडलाधिकारी कार्यालय नादौन और मुख्य बाजार नादौन को (ई-वी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए चयनित किया गया है। चयनित स्थानों के किनारे इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए वाहन चालकों को उचित सुविधा मिलेगी। अभी तक जिला हमीरपुर में एक भी ई-वी चार्जिंग स्टेशन नहीं है। इन स्टेशनों के बनने से ई-वाहन धारकों को एनएच किनारे ही चार्जिंग की सुविधा मिल जाएगी। स्टेशनों को स्थापित करने का कार्य बिजली बोर्ड शुरू करेगा। चार्जरों के लिए केवल लाइन बिछाई जाएगी ताकि एक साथ बड़े और छोटे वाहनों को चार्ज करने की सुविधा मिल सके ।
कोट
जिला हमीरपुर में ई-वी चार्जिंग स्टेशन खोलने की मंजूरी मिली है। बिजली बोर्ड की तरफ से आगामी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। चार्जिंग स्टेशन खुलने से ई-वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी। पांच स्थानों को चयनित किया गया है।
अंकुश शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक हमीरपुर।
बाक्स:
क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के साथ परिवहन निगम हमीरपुर की ओर से भी जिला में चार इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें परिवहन निगम की ओर से जाहू बस अड्डा, हमीरपुर बस अड्डा, वर्कशाप और बस अड्डा नादौन को चुना गया है। इन चारों स्थानों पर बिजली लाइनों को बिछाने, ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य पूरा किया जा चुका है। इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद के बाद चार्जिंग स्टेशनों को शुरू करने का कार्य होगा।