विकास खंड के तहत आने वाले जंगलों में आए दिन आगजनी की घटनाएं हो रही हैं।
मंगलवार को क्षेत्र के खुर्पड़ी जंगल में दोपहर के समय आग लगने दर्जनों पेड़ आग की भेंट चढ़ गए। इससे पहले सोमवार को क्षेत्र के सोहारी जंगल का कुछ हिस्सा आग की भेंट चढ़ गया था। खुर्पड़ी जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने में जुट गई।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने जंगल में आग लगा दी है। जंगल का कुछ हिस्सा जलने से वन विभाग को हजारों रुपये की क्षति पहुंची है। पिछले पांचदिनों में बड़सर क्षेत्र के जंगलों में आग की यह लगातार पांचवीं घटना है।
इन आग की घटनाओं से जंगलों में उग रहे नए पौधे भी प्रभावित हो रहे हैं। आग लगने के कारण कई वन्य प्राणी आग की भेंट चढ़ गए। उधर इस बारे में आरओ बिझड़ी विनोद कुमार का कहना है कि कुछ शरारती तत्व जंगलों में आग लगा रहे हैं। जिनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। आग से वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से घासनियों में आग लगाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।