मुंडखर के बगबाड़ में जली गोशाला।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत मुंडखर के गांव बगबाड़ में वीरवार तड़के 4:00 बजे एक पशुशाला आग की भेंट चढ़ गई। आग से पशुशाला के अंदर बंधी गाय और उसका बछड़ा भी जिंदा जल गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वहीं, हलका पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। विधायक कमलेश कुमारी ने भी घटनास्थल का दौरा किया व अधिकारियों को उचित मुआवजे के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत प्रधान माया देवी ने बताया कि वीरवार सुबह परमिंदर चंदेल पुत्र पृथी चंद गांव बगबाड़ की पशुशाला में अचानक आग लग गई। उस समय परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। पंखे की आवाज में उन्हें आग की घटना का पता नहीं चल सका। जब सुबह परिवार के सदस्य उठे तो उन्हेंने पशुशाला में आग लगी देखकर पड़ोसियों व परिवार के अन्य सदस्यों को उठाया। लेकिन, तब तक सब राख हो चुका था। इस दौरान गाय व बछड़ा जिंदा जल गए, जबकि टोका, लकड़ी व पशुचारा जलकर राख हो गया। इससे परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी ने पीड़ित परिवार को पांच हजार की फौरी राहत प्रदान की। उन्होंने राजस्व विभाग को शीघ्र नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शीघ्र पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलवाया जा सके। इस मौके पर तहसीलदार अनिल मनकोटिया, वार्ड सदस्य कश्मीरी देवी, अजय शर्मा व पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।