मैहरे बिझड़ी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत ग्यारह ग्रा के चम्बेह गांव में पूर्व प्रधान बालकृष्ण शर्मा की पशुशाला में अचानक आग लग गई। आग ने दो कमरों वाली पशुशाला को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेज थी कि पशुशाला में रखी इमारती लकड़ी सहित अन्य सामान पूरी तरह जल गया। आग लगने के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शार्ट-सर्किट के कारण हादसा हुआ है।
ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। इस घटना में करीब दो लाख के नुकसान का अनुमान है। घटना के समय सभी पशु बाहर थे, जिससे पशु सुरक्षित हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया तुरंत मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।