हमीरपुर। सुजानपुर हमीरपुर सड़क किनारे जले 63 लकड़ी के स्लीपर के मामले में वन विभाग ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। दो बार नोटिस जारी होने के बाद भी ठेकेदार ने फायर सीजन से पहले स्लीपर नहीं उठाए थे।
ऐसे में विभाग ने कार्रवाई को लेकर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। बीते वीरवार को वन बीट कुठेड़ा के अंतर्गत वन बीट कुठेड़ा संदोल-एक जंगल में रखे गए 63 लकड़ी के स्लीपर आग में जलकर राख हो गए। इस घटना से वन निगम कॉर्पोरेशन को करीब चार क्यूबिक मीटर लकड़ी का नुकसान हुआ है।
जले स्लीपरों की कीमत लाखों रुपये है। जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में फरवरी माह में लकड़ी कटान कार्य शुरू हुआ था, जो 15 अप्रैल को पूरा हो गया था। कटान के बाद तैयार किए गए स्लीपर लंबे समय तक मौके पर ही पड़े रहे।
विभाग ने संबंधित ठेकेदार को फायर सीजन शुरू होने से पहले लकड़ी उठाने के लिए दो बार नोटिस भी जारी किए थे, लेकिन इसके बावजूद समय पर स्लीपर नहीं हटाए गए। ऐसे में विभाग की ओर से ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है।
कोट
ठेकेदार की लापरवाही के कारण निगम को नुकसान हुआ है। नुकसान की भरपाई के लिए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है।
-सुमन कुमार, फॉरेस्ट गार्ड, वन निगम कॉर्पोरेशन