हमीरपुर। जिले में एक चौकी प्रभारी पर महिला कुक ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में शिकायत मिलते ही एसपी हमीरपुर ने विभागीय जांच बैठा दी है। आरोपों के चलते चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक का तबादला जिले के अन्य पुलिस थाना में कर दिया गया है। एसपी हमीरपुर डाॅ आकृति शर्मा ने यह कार्रवाई की है। मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई लेकिन चौकी प्रभारी के खिलाफ आंतरिक विभागीय जांच शुरू हो गई है। जांच समिति की रिपोर्ट के बाद इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में जांच प्रभावित न हो, इसके लिए उप निरीक्षक का तबादला जिले के अन्य थाना में कर दिया गया है।
तीन दिन पहले यह शिकायत पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को मिली थी। जिला पुलिस की यौन शोषण जांच समिति इस मामले की जांच करेगी। जांच समिति में जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दोनों पक्षों को सुनेंगे। शिकायतकर्ता महिला कुक ने एफआईआर करवाने से मना किया है लेकिन जांच समिति की रिपोर्ट के बाद कानूनी कार्रवाई को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इस मामले को लेकर मंगलवार को पुलिस चौकी क्षेत्र की स्थानीय महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने चौकी प्रभारी के पक्ष में एसपी हमीरपुर डाॅ आकृति शर्मा से मुलाकात की है। महिलाओं का दावा है कि चौकी प्रभारी पर झूठे आरोप लगाए गए हैं।
एसपी हमीरपुर डाॅ आकृति शर्मा ने कहा कि चौकी प्रभारी के खिलाफ चौकी में कार्यरत एक महिला कुक ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के बाद चौकी प्रभारी का तबादला अन्य थाने में कर दिया गया है। इस मामले में जांच बैठाई गई है। जांच समिति की रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।