टौणी देवी (हमीरपुर)। डॉ. लश्करी राम नागरिक अस्पताल टौणी देवी में एक महीने से खराब एक्सरे मशीन ठीक हो गई। दो दिन पहले एक्सरे मशीन को ठीक कर दिया गया है।
मशीन ठीक होने से एक महीने बाद मरीजों को राहत मिली है। उन्हें अब निजी लैब में एक्सरे नहीं करवाना पड़ेगा। अस्पताल में करीब एक महीने से मशीन खराब होने के कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से एक्सरे मशीन को ठीक करने की मांग की थी।
अस्पताल में रोजाना 200 के करीब ओपीडी रहती है। वहीं, रोजाना यहां 30 से 35 के करीब एक्सरे होते हैं। एक महीने से मरीजों को एक्सरे के लिए निजी लैब के चक्कर काटने पड़ रहे थे। निजी लैब में 100 से 200 रुपये के बीच एक्सरे हो रहे थे।
अब एक्सरे मशीन ठीक होने से मरीजों ने भी राहत की सांस ली है। टौणी देवी अस्पताल के बीएमओ डॉ. रमेश रत्तू ने बताया कि एक्सरे मशीन में आई खराबी को दूर दिया गया है। अब यहां पर पहले की भांति नियमित रूप से एक्सरे किए जा रहे हैं।