जसाई में आतमा परियोजना की किसान गोष्ठी में किसानों को बीज देते हुए विधायक। स्रोत : जनसंपर्क विभ
नादौन(हमीरपुर)। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आतमा) हमीरपुर ने मंगलवार को नादौन उपमंडल के गांव जसाई में एक किसान गोष्ठी आयोजित की, जिसकी अध्यक्षता देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने की।
कमलेश ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, पूरे देश में ऐसा पहला राज्य है, जिसने प्राकृतिक खेती से तैयार की जाने वाली फसलों के लिए अलग से उच्च दाम निर्धारित किए हैं। दूध के मूल्य में भी रिकॉर्ड वृद्धि की गई है। प्रदेश सरकार के इन फैसलों का मकसद ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आर्थिक दृष्टि से सुदृढ़ करना है।
उन्होंने क्षेत्र के किसानों से आग्रह किया कि वह प्राकृतिक खेती को अपनाकर स्वयं के लिए शुद्ध अन्न तैयार करें तथा अपनी आय में भी वृद्धि करें। उन्होंने क्षेत्र के किसानों को विभिन्न सब्जियों के बीज भी वितरित किए। इस अवसर पर एपीएमसी हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा ने भी किसानों को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इससे पहले, आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, सभी वक्ताओं और किसानों का स्वागत किया तथा जिला हमीरपुर में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों और इस क्षेत्र में विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में एसडीएम निशांत शर्मा, अन्य अधिकारी और कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।