सुजानपुर (हमीरपुर)। तहसील कार्यालय सुजानपुर के बरामदे में खड़े एक बुजुर्ग पर चलता हुआ पंखा गिर गया। इसके चलते वृद्ध के सिर से खून टपकना शुरू हो गया और उसके कपड़े खून से सन गए। बुजुर्ग के सिर से खून बहता देख वहां पर मौके पर खड़ी जनता घबरा गई। नायब तहसीलदार ने सूचना मिलते ही घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल भेजा। इससे पूर्व भी नगर परिषद कार्यालय में एक महिला कर्मी पर पंखा गिर जाने से उसे चोट लगी थी।
तहसीलदार का तबादला हो जाने के कारण करीब एक माह से यह पद खाली चल रहा है। तहसील कार्यालय तथा बाहर विभागीय कार्य सभी की जिम्मेदारी नायब तहसीलदार संभाल रहे हैं। तहसील कार्यालय में तहसीलदार न होने के कारण अपने कार्यों के लिए आए लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। मंगलवार को अपने कार्य के लिए इसी कतार में खड़े गांव बैरी के अशोक कुमार (65) के ऊपर चलता हुआ पंखा अचानक गिर गया। पंखे से अशोक कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आ गईं व खून बहने लगा।
सिर से बहता खून देखकर जनता में से किसी ने भी घायल को अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई। जबकि, जरूरी बैठक कर रहे नायब तहसीलदार को जब घटना की सूचना मिली तो वह बैठक छोड़कर आए व घायल को स्टाफ सदस्य की निजी गाड़ी में अस्पताल भिजवाया। नायब तहसीलदार हितेश ठाकुर ने बताया कि घायल को तुरंत अस्पताल भेज दिया गया। नगर परिषद के भवन में ही तहसील कार्यालय चल रहा है, लेकिन इस तरह चलते पंखे के नीचे गिरने से भवन निर्माण और इलेक्ट्रिकल कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश डोगरा ने बताया कि अस्पताल प्रशासन को सूचना मिलते ही एंबुलेंस भेजी गई थी। घायल का उपचार चल रहा है।