हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में टीबी, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझने वाले मरीजों की पर्ची बनाने के लिए अलग काउंटर शुरू किया गया है। यहां पर इन्हीं मरीजों की पर्चियां बनाई जा रही हैं।
इन मरीजों को यहां पर पर्ची बनाने के लिए पहले अपने संबंधित दस्तावेज दिखाने पड़ रहे हैं, उसके बाद यहां पर पर्ची बनाई जा रही है। अस्पताल में इन मरीजों को पहले अन्य मरीज के साथ एक कतार में खड़ा होना पड़ता था, जिस कारण मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने उनके लिए अलग से पर्ची बनाने की सुविधा उपलब्ध करवाई है, जिससे अब इन मरीजों को अन्य मरीजों के साथ कतार में नहीं लगना पड़ेगा। रेडियोग्राफी विभाग के पास ही यह काउंटर बनाया गया है।
तीमारदारों आशुतोष, दिवेश, निलेश, सपना, सरोज, वीना, कल्पना आदि ने कहा कि इनके लिए अलग से काउंटर बनाने से मरीजों को काफी सुविधा होगी तथा कतार में भी लंबे समय तक नहीं लगना पड़ेगा। अलग से व्यवस्था होेने के कारण रोगियों की पर्ची भी जल्द बनेगी और उपचार भी जल्द मिलेगा।
कोट
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर रमेश भारती ने कहा कि मरीजों को हर तरह की सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए कार्य किया जा रहा है।