रंगस/हमीरपुर। जिले भर में सोमवार को बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। वहीं, बारिश होने से दिन में तापमान भी 18 डिग्री तक रहा। एक माह से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही थी। जिस कारण लोगों ने गर्म कपड़े पहना बंद कर दिए थे लेकिन अब बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है जिससे लोग दोबारा से स्वेटर पहनने पर मजबूर हो गए हैं।
बारिश होने से किसानों ने थोड़ी राहत ली। हालांकि गेहूं को पहले ही बहुत नुकसान हो चुका है लेकिन जो थोड़ी बहुत फसल बची है उसके लिए यह बारिश संजीवनी साबित होगी। पीले रतुए से प्रभावित फसल को अब बारिश के कारण बचाया जा सकता है। किसान जगत सिंह, सोहन सिंह, कृष्ण चंद और प्रवीण आदि ने कहा कि सोमवार को हुई बारिश किसानों के लिए काफी राहत भरी साबित होगी।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी हल्की बूंदाबांदी हुई थी लेकिन इस बार होने वाली बारिश का सीधे तौर पर किसानों को लाभ मिलेगा। क्योंकि गेहूं की फसल भी रंग बदलने लग पड़ी थी जिससे आभास हो रहा था कि पानी की कमी के चलते फसल समय से पूर्व ही पक जाएगी। वहीं, इस बारे कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. अतुल डोगरा ने कहा कि बारिश होने से गेहूं की फसल को काफी लाभ होगा।