हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने स्कूल की वार्षिक परीक्षाओं के समय प्रवक्ताओं के लिए आयोजित किए जा रहे विशेष प्रशिक्षण शिविरों का विरोध किया है। संघ के अध्यक्ष तेज सिंह, महासचिव गौतम सिंह, प्रदेश महासचिव संजीव ठाकुर, वित्त सचिव संजय भट्टी ने कहा कि मार्च के पहले सप्ताह में बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इस बीच शिक्षा विभाग ने 17 से 22 फरवरी तक एक सप्ताह तक क्षमता निर्माण कार्यशाला का शेड्यूल जारी कर दिया है।
यह प्रशिक्षण राजकीय अध्यापक शिक्षा संस्थान धर्मशाला में होगा। जिसमें संस्कृत विषय के स्कूल लेक्चरर को भाग लेने के लिए कहा गया है। इससे पहले शिक्षा विभाग एनसीईआरटी के माध्यम से सोलन में विज्ञान अध्यापकों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर चुका है। वार्षिक परीक्षाओं के नजदीक इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों से स्कूली विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रदेश सरकार खराब परीक्षा परिणाम पर स्कूल अध्यापकों के वित्तीय लाभों पर कैंची चला रही है। वहीं दूसरी तरफ अध्यापकों को छात्रों को पढ़ाने के बजाय इस तरह से प्रशिक्षण शिविरों में उलझा रहे हैं। धर्मशाला में चलने वाले प्रशिक्षण शिविर में भाग नहीं लेने वाले स्कूल प्रवक्ताओं के लिए विभाग ने नियमों के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाने और प्रवक्ताओं की वार्षिक वेतन वृद्धियों को रोकने की चेतावनी भी जारी की है। प्रवक्ता संघ शिक्षा विभाग के इस तरह के तुगलकी फरमानों का कड़ा विरोध करता है। संघ ने शिक्षा मंत्री से अपील की है कि परीक्षाओं के नजदीक करवाए जाने वाले इस तरह के कार्यक्रम बंद करवाए जाएं। साथ ही अप्रैल से लेकर सितंबर माह तक ही इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन हो।