भोटा(हमीरपुर)। नगर पंचायत भोटा की बैठक प्रधान सर्वजीत कौर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि नपं भोटा के निवासी 31 मार्च तक इस वित्तीय वर्ष का हाउस टैक्स जमा करवा देते हैं तो उन्हें इस पर 15 फीसदी छूट दी जाएगी। वहीं बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार द्वारा गोवा में पार्षदों व प्रधान, उपप्रधान की ट्रेनिंग रखी है, उसमें सभी पार्षदों ने भाग लेना था, लेकिन आने जाने का खर्चा करीब एक लाख बैठेगा। जिसे नपं भोटा को ही वहन करना होगा। इस पर प्रधान सर्वजीत कौर, पार्षद शरण प्रसाद और शमा सोनी ने जाने से मना कर दिया ताकि नपं को वित्तीय नुकसान न हो। बैठक में सीवरेज कार्य शीघ्र शुरू करने का प्रस्ताव भी पारित हुआ। वहीं बैठक में विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि नपं भोटा की परिधि में 21 मीटर ऊंची हाई मास्ट लाइट भी लगाई जाएगी। बैठक में प्रधान सहित उपप्रधान अरुण सोनी, पार्षद शमा सोनी, शरण प्रसाद, मीरा देवी, रिंकां देवी, अश्वनी कुमार, चंद्रशेखर, अश्वनी धीमान, तहसीलदार बड़सर कम सचिव नपं भोटा ओपी शर्मा, नायब तहसीलदार भोटा रमेश चंद शर्मा व जेई तिलक राज मौजूद रहे।