नादौन (हमीरपुर)। उपतहसील कांगू की आधिकारिक ईमेल आईडी पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से बंद होने के कारण प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के रिकॉर्ड अपडेट नहीं हो पा रहे हैं। इससे किसानों को बार-बार उपतहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन काम न होने से उन्हें निराश लौटना पड़ रहा है।
पीएम-किसान योजना के तहत किसी लाभार्थी की मृत्यु होने पर परिवार के नए मुखिया का नाम पोर्टल पर दर्ज करने के लिए रिकॉर्ड अपडेट करना आवश्यक होता है। इसके लिए उपतहसील को यूजर आईडी और पासवर्ड की जरूरत होती है, जो बंद पड़ी आधिकारिक ईमेल आईडी के कारण प्राप्त नहीं हो सके हैं।
उपतहसील कांगू के अंतर्गत आने वाले 10 पटवार वृत्तों के 108 गांवों के किसान इस समस्या से प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार और राजस्व विभाग से उपतहसील की ईमेल आईडी जल्द बहाल करने की मांग की है, ताकि लंबित मामलों का निपटारा हो सके और पात्र किसानों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
कोटस
उपतहसील कांगू की ईमेल आईडी दोबारा सक्रिय कराने के लिए जिला राजस्व अधिकारी हमीरपुर को पत्र भेजा गया है, लेकिन मामला अभी लंबित है। उन्होंने कहा कि जिन पीएम-किसान लाभार्थियों की मृत्यु हो चुकी है, उनके परिजन आवेदन, आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाणपत्र उपतहसील में जमा कराएं। यूजर आईडी और पासवर्ड प्राप्त होते ही उनके मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर अपडेट कराया जाएगा।
-कालीदास, नायब तहसीलदार
मामला संज्ञान में नहीं था। जिला राजस्व अधिकारी से प्रस्ताव प्राप्त होते ही उपतहसील कांगू की ईमेल आईडी और पीएम-किसान पोर्टल से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
-रवि, निदेशक, लैंड रिकॉर्ड्स, शिमला