सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर टिहरा ने लंबे समय से गृह कर जमा न करने वाले डिफॉल्टर करदाताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर परिषद ने 50 हजार रुपये से अधिक गृह कर बकाया वाले 22 उपभोक्ताओं की सूची बिजली बोर्ड को सौंप दी है।
अब इनके बिजली कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नगर परिषद की ओर से बार-बार आग्रह और नोटिस जारी करने के बावजूद कई करदाताओं ने पिछले कुछ वर्षों से गृहकर जमा नहीं करवाया है।
इसके चलते अब नियमानुसार सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में नगर परिषद सुजानपुर के तहत गृहकर की बकाया राशि 40 लाख रुपये से अधिक पहुंच चुकी है।
लंबे समय से कर जमा न होने के कारण नगर परिषद को विकास कार्यों और अन्य व्यवस्थाओं में आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद क्षेत्र में नौ वार्डों के तहत करीब 2400 घर और 900 दुकानें शामिल हैं।
इनसे निर्धारित नियमों के अनुसार हर वर्ष गृहकर वसूला जाता है। नगर परिषद ने 22 डिफॉल्टर करदाताओं के अलावा कम बकाया वाले अन्य करदाताओं को भी नोटिस जारी करने की तैयारी की है।
नगर परिषद के अनुसार गृहकर से प्राप्त राशि का उपयोग शहर की सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, विकास कार्यों और अन्य नागरिक सुविधाओं पर किया जाता है। समय पर कर जमा न होने से शहर की सुविधाओं पर असर पड़ता है।
कोट
शहरभर के नौ वार्डों में गृहकर वसूली को लेकर अब किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। प्रथम चरण में 22 डिफॉल्टर करदाताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। शीघ्र ही भुगतान न करने वाले अन्य करदाताओं पर भी कार्रवाई की जाएगी।
-हर्षित शर्मा, कार्यकारी, अधिकारी, नगर परिषद सुजानपुर टीहरा