सुजानपुर/जाहू (हमीरपुर)। हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने वीरवार को भोरंज और सुजानपुर पुलिस थाने में लिखित शिकायतें दी हैं। कांग्रेस नेताओं ने शिकायतों में एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है।
भोरंज थाना में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया और महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधुबाला ने अन्य कांग्रेस समर्थकों के साथ शिकायत सौंपी। इस मामले में भोरंज पुलिस एफआईआर दर्ज करने को लेकर उच्च अधिकारियों से परामर्श कर रही है।
वहीं, सुजानपुर थाना में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह और नशा निवारण बोर्ड के सलाहकार नरेश ठाकुर ने शिकायत दी है।
गौरतलब है कि बीते दिनों सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता कर प्रदेश सरकार पर वित्तीय अनियमितताओं सहित कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने सरकार पर विरोधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, भ्रष्टाचार, सरकारी परियोजनाओं में वित्तीय अनियमितताओं और अन्य मामलों को लेकर सवाल उठाए थे।
सीएम पर टिप्पणी से गुस्साए कांग्रेस नेताओं ने अपनी शिकायतों में कहा है कि मुख्यमंत्री पर लगाए गए आरोप असत्य हैं और आम जनता में भ्रम फैलाने वाले हैं। उन्होंने पुलिस से राजेंद्र राणा के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।