हमीरपुर। बिजली बोर्ड कर्मियों ने शुक्रवार को सरकार की नीतियों के खिलाफ दो घंटे काम का बहिष्कार किया। राज्य बिजली बोर्ड इंप्लाइज, इंजीनिर्यस, पेंशनर की संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर दोपहर दो से चार बजे तक हमीरपुर में अणु और मट्टनसिद्ध कार्यालयों में कर्मियों और पेंशनरों ने प्रदर्शन किया।
जिला संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक कामेश्वर दत्त शर्मा, डिप्लोमा इंजीनियर्स से मनोहर लाल, बिजली बोर्ड पेंशनर्स फोरम से कुलदीप सिंह खरवाड़ा और विजय शर्मा, पेंशनर्स वेलफेयर एसोशिएशन से अशोक शर्मा, अश्वनी कतना आदि मौजूद रहे। उन्होंने युक्तिकरण व केंद्रीयकरण के नाम पर शुरू की गई पद समाप्ति की मुहिम को एकतरफा करार देते हुए बंद करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्रदेश सरकार को गलत जानकारियां देकर बिजली बोर्ड को तहस-नहस करने का काम कर रहे हैं, जिसको लेकर प्रदेशभर में सभी कर्मचारियों और पेंशनरों में भारी आक्रोश है। संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक कामेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि सरकार हमारी बात सुनने के लिए बैठक बुलाए, ताकि बिगड़ती हुई स्थिति पर विराम लग सके।
युक्तिकरण के नाम पर पदों को समाप्त करने से किसी किस्म का सुधार नहीं हो सकता है। आज बिजली बोर्ड लिमिटेड में नई भर्ती प्रक्रिया को अतिशीघ्र शुरू करने, स्मार्ट मीटर जैसी योजनाओं को बंद करने की जरूरत है। उन्होंने बिजली बोर्ड से पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की।
बिजली बोर्ड के कर्मी दो घंटें काम का बहिष्कार करते हुए। स्रोत : संगठन