हमीरपुर। बिजली बोर्ड के कर्मचारियों-पेंशनभोगियों के पुराने बिजली मीटरों को प्राथमिकता पर बदलने के जारी पत्र का बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन और पेंशनर्ज फोरम ने विरोध किया। यह पत्र बिजली बोर्ड हमीरपुर जोन के मुख्य अभियंता प्रवीण धीमान ने जारी किया है।
इस पत्र के विरोध में बिजली बोर्ड यूनियन और पेंशनर्ज फोरम पांच मार्च को हमीरपुर में धरना-प्रदर्शन करेगी। बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने बताया कि यह कदम बिजली कर्मचारियों, अभियंताओं एवं पेंशनभोगियों के स्मार्ट मीटर के विरोध को कमजोर करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि देशभर में बिजली कर्मचारी एवं अभियंता राष्ट्रीय स्तर पर स्मार्ट मीटर का विरोध कर रहे हैं। यह महंगी एवं आम जनता के लिए अनावश्यक तकनीक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 13 लाख उपभोक्ताओं की खपत 125 यूनिट से कम है। यहां पर स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता तर्कसंगत नहीं है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के घरों में प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर स्थापित करने संबंधी भेदभावपूर्ण कार्यालय आदेश को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए।