हमीरपुर। नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा में शुक्रवार को तीन बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। नगर परिषद सुजानपुर के नौ वार्डों में कुल 5804 मतदाता और नगर पंचायत भोटा के सात वार्डों में 1162 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि अब इन दोनों शहरी निकाय क्षेत्रों में 17 मई शाम तीन बजे तक किसी भी तरह की चुनावी जनसभा, जुलूस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, टीवी-सिनेमा शो और सार्वजनिक बैठकों आदि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने कहा कि इन दोनों शहरी निकाय क्षेत्रों में 17 मई को सुबह सात बजे से शाम तीन बजे तक मतदान होगा और इसके तुरंत बाद मतगणना आरंभ कर दी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान और मतगणना की प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से मतदान में भाग लेने और इस प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न करवाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।