लोक निर्माण विभाग की ओर जल्द करवाया जाएगा सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल सुजानपुर में क्रिटिकल केयर इकाई बनाने की कवायद शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग इसके लिए जल्द ही भूमि का सर्वे करवाएगा। सर्वे में देखा जाएगा कि क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन के बाद पर्याप्त मात्रा में जगह है या नहीं। हालांकि सुजानपुर अस्पताल प्रबंधन के पास करीब तीन कनाल भूमि उपलब्ध है।
क्रिटिकल केयर यूनिट में करीब 50 बिस्तर की उपलब्धता रहेगी। केंद्र सरकार ने अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना की मंजूरी दी है। सुजानपुर में बनने वाली क्रिटिकल केयर यूनिट पर 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें 17 करोड़ रुपये भवन निर्माण और आठ करोड़ रुपये मशीनरी पर खर्च किए जाएंगे। यूनिट में आईसीयू की सुविधा उपलब्ध होगी। सुविधा शुरू होने से गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर नहीं करना पड़ेगा। क्रिटिकल केयर यूनिट के शुरू होने से नए चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुिक्तयां भी की जाएंगी।
कोट
-सुजानपुर अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित होगी। इस संबंध में सीएमओ से बैठक की गई। जल्द ही लोक निर्माण विभाग की ओर से सर्वे किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन के पास अभी तीन कनाल भूमि है। -डॉ. विवेक वर्मा, एमओ, सिविल अस्पताल सुजानपुर