रंगस (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में ब्यास के पानी से मान और कुनाह खड्ड पर बनी पेयजल योजनाएं मजबूत होंगी। पेयजल योजनाओं के स्रोत संबर्द्धन का कार्य प्रगति पर है।
वहीं, जिन पेयजल स्कीमों में पानी की मात्रा पर्याप्त नहीं है, उनकी क्षमता को बढ़ाया जाएगा। इससे पेयजल किल्लत दूर होगी और नियमित रूप से लोगों को पानी मिलेगा। नादौन और धनेटा में जल शक्ति विभाग कई बड़ी परियोजनाओं का निर्माण कार्य कर रहा है। इनका 90 फीसदी तक कार्य पूरा कर लिया गया है।
जल शक्ति विभाग धनेटा के अंतर्गत पेयजल योजनाओं में उठाऊ पेयजल योजना राजनौंण, धनेटा डिब्ब पोंखर, बेहरड़, जनसूह, माजरा, सुकडेह अमलेहड़ भंवडां में 90 फीसदी कार्य पूरा हो गया है।
जल शक्ति विभाग नादौन के तहत नौहंगी भूंपल के अंतर्गत जल संग्रहण कुंआ, व्यास नदी के किनारे निर्माणाधीन जल शोध संयंत्र, पंप हाउस आदि को कोहला व धनेटा में स्थापित किया जा रहा है। करीब 95 फीसदी कार्य पूरा हो गया।
विभाग 21.90 करोड़ की धनराशि खर्च कर इस निर्माण कार्य को पूरा करेगा। धनेटा में जल भंडारण टैंक 5/5 मीटर और उपमंडल नादौन के तहत 10/10 मीटर का जल भंडारण टैंक का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। नादौन में शहरी कस्बे की उठाऊ पेयजल परियोजना की क्षमता को भी मजबूत किया जा रहा है।
विभाग जल संग्रहण कुंआ, पंप हाउस आदि बना रहा है। यहां पर 44.66 करोड़ की धन राशि खर्च की जाएगी। इसका निर्माण 70 फीसदी पूरा हो गया है। संवाद
व्यास नदी के तट पर बना 8/8 मीटर का जल संग्रहण कुंआ। संवाद