कुल्लू में डॉक्टरों ने सेंट्रल हेल्थ वर्कर्स प्रोटेक्शन एक्ट की उठाई मांग
कोलकाता के अस्पताल में ड्यूटी के दौरान एक महिला डॉक्टर की हत्या से डॉक्टरों में विरोध देखने को मिल रहा है। वहीं जिला कुल्लू में भी क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू परिसर में एकत्रित होकर डॉक्टरों ने इस घटना का विरोध किया है और कैंडल जलाकर दिवंगत डॉक्टर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके अलावा डॉक्टरों ने कोलकाता के अस्पताल में हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। डॉ. सत्यव्रत वैद्य ने कहा कि कोलकाता की दिवगंत डॉक्टर की आत्मा की शांति के लिए कुल्लू के डॉक्टरों ने मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि कोलकाता में एक महिला डॉक्टर की ड्यूटी के दौरान हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद डॉक्टर भयभीत है। यह पहला मामला नहीं है,जब ड्यूटी के दौरान किसी डॉक्टर के ऊपर हमला हुआ है। इससे पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सेंट्रल हेल्थ वर्कर्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू होना चाहिए।
कोलकाता और केरल में चिकित्सकों की हत्या पर जांच की मांग
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश ने कोलकाता मेडिकल काॅलेज की द्वितीय वर्ष की पीजी छात्रा डॉक्टर की हत्या पर दुख जताया है। एसोसिएशन के सचिव डाॅ. अंकित शुक्ला ने कहा कि हत्या से पहले दुष्कर्म किया गया। उन्होंने कहा कि इसी तरह की एक घटना केरल में भी घटित हुई, जहां एक यंग रेजीडेंट महिला डॉक्टर की छुरा घोंपकर हत्या कर दी गई। एसोसिएशन का कहना है कि महिला डॉक्टरों के साथ इस तरह की घटनाएं निंदनीय हैं। एसोसिएशन ने मांग की है कि इन मामलों की जांच कर संलिप्त आरोपियों को सजा दिलाई जाए। ऐसे मामलों की विस्तृत जांच करवाई जानी चाहिए। विशेषकर महिला डाॅक्टरों की उनके कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। एसोसिएशन ने दोनों मामलों में प्रशासन से तुरंत उचित कार्रवाई करने की मांग की है, अन्यथा एसोसिएशन देशभर में ऐसे मामलों के विरोध में उतरने को मजबूर होगी। एसोसिएशन ने दो दिन के भीतर इन मामलों पर कार्रवाई न होने और आरोपियों को गिरफ्तार न करने पर देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है।