टौणी देवी में भाजपा की मासिक बैठक में उपस्थित कार्यकर्ता व अन्य। स्रोत : भाजपा।
टौणी देवी (हमीरपुर)। जिला भाजपा की मासिक बैठक शुक्रवार को टौणी देवी में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न अभियानों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की।
बैठक में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विस्तारक अमित शर्मा, प्रदेश भाजपा सचिव एवं दोहरा विधानसभा प्रभारी वंदना योगी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान सहित जिला, मंडल, मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पूर्व में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और जनसंपर्क पर निर्भर करती है। सभी पदाधिकारियों को पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।
बैठक में जिला भाजपा के सभी 10 मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने मंडलों की गतिविधियों और पार्टी की ओर से सौंपे गए दायित्वों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान ऑनलाइन डिजिटल कोर्स, मन की बात, एक पेड़ मां के नाम अभियान, कारगिल विजय दिवस, नीट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के सम्मान कार्यक्रम और संत संपर्क अभियान की समीक्षा की गई।
इसके अलावा 15 अगस्त के कार्यक्रमों और जनसहभागिता बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।