सुजानपुर (हमीरपुर)। प्रदेश सरकार एक ओर जहां कोरोना वायरस से बचाव को लेकर कई तरह की बंदिशें लगा रही हैं, वहीं दूसरी ओर डिपुओं में बायोमीट्रिक मशीनों से राशन वितरित करने की प्रक्रिया को लेकर लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति रोष है। इससे संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है। सरकार इस फैसले को बदल नहीं रही है जबकि पूर्व के वर्ष में बायोमीट्रिक प्रक्रिया पर विराम लगाकर उपभोक्ताओं को राहत दी गई थी।
लोगों का कहना है कि सरकार को इतनी चिंता है तो महामारी के इस माहौल में संक्रमण से बचाव को लेकर फिलहाल ऐसी प्रक्रिया पर विराम लगाना चाहिए। पूर्व के वर्ष में कोरोना वायरस के शुरुआती दौर में प्रदेश सरकार ने बायोमीट्रिक मशीन की प्रक्रिया में कुछ माह तक विराम लगा दिया था। अब जबकि कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ा हुआ है, ऐसे में लोग बायोमीट्रिक से राशन लेने से कतरा रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई फैसला नहीं ले रही है। नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, तिलक राज, रविंद्र सिंह, सोहन लाल, संजय आदि ने कहा कि संक्रमण के प्रसार से बचने के लिए सरकार को फिलहाल बायोमीट्रिक पर रोक लगानी चाहिए।