संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। जिला हमीरपुर और कांगड़ा को आपस में जोड़ने वाले बड़े पुल की हालत खस्ता बनी हुई है। आलमपुर के समीप स्थित इस बड़े पुल के कुछ हिस्से की बजरी उखड़ रही है। बजरी उखड़ने के कारण दोपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। दोपहिया वाहन चालक यहां से गुजरने के दौरान सावधानियां बरत रहे हैं। यह समस्या बरसात के दिनों से बनी हुई है। बरसात के दिनों में पानी के तेज बहाव के कारण बजरी उखड़ना आरंभ हो गई है जो अभी भी जारी है। लोक निर्माण विभाग इस पुल की स्थिति को सुधार नहीं रहा है।
कांगड़ा को हमीरपुर से जोड़ने वाले इस पुल पर सुबह से शाम तक सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों ने भी इस पुल पर पड़ रहे गड्ढों को ठीक करने की मांग की है ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। लोक निर्माण विभाग सुजानपुर के सहायक अभियंता अभिषेक शर्मा ने कहा कि इस पुल की मरम्मत के लिए 20 लाख का टेंडर लगा दिया गया है। एक महीने के भीतर पुल की दशा में सुधार कर लिया जाएगा।