भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के लोगों को अवाहदेवी से वाया डाडू होते हुए हनोह रूट पर लंबी दूरी की बस सेवाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने चंडीगढ़, दिल्ली और शिमला जैसे प्रमुख शहरों के लिए इस रूट से सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों में सुरेश, राज कुमार, सुंदर, धर्म चंद, जनक, राजेश, कुलदीप, राकेश, अभिषेक, सक्षम आदि ने बताया कि दिल्ली और शिमला शहरों के लिए जाने के लिए उन्हें पहले भरेड़ी या जाहू तक पहुंचना पड़ता है। इससे न केवल उनका समय नष्ट होता है, बल्कि अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता है।
उन्होंने एचआरटीसी निगम प्रबंधन से आग्रह किया है कि अवाहदेवी–डाडू–हनोह रूट पर जल्द से जल्द लंबी दूरी की बसें चलाई जाएं। यह रूट आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। यदि इस रूट पर चंडीगढ़, दिल्ली और शिमला के लिए सीधी बसें शुरू की जाती हैं, तो जनता को राहत मिलेगी। एचआरटीसी हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि ग्रामीण बस सुविधा के लिए मांगपत्र भेजे हैं। उसके बाद इसे उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा। संवाद