टौणी देवी (हमीरपुर)। बरसात शुरू होते ही डायरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। टौणी देवी अस्पताल में तीन दिन के भीतर डायरिया के 14 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से दो मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 12 मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।
डायरिया के मामले नौ जुलाई से सामने आने शुरू हुए हैं। प्रभावित मरीज मुख्य रूप से भोरंज ब्लॉक और टौणी देवी क्षेत्र के हैं। रविवार को छह नए मामले दर्ज किए गए, जिनमें कोट, बराड़ा, ग्वारडू और टौणी देवी से एक-एक, जबकि बगवाड़ा से दो मरीज शामिल हैं।
संभावित कारणों की जांच के लिए बारी मंदिर के समीप स्थित पेयजल टैंक से पानी के सैंपल लेकर डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को जिंक की गोलियां और ओआरएस के पैकेट वितरित कर रही है।
विभाग की ओर से लोगों को उबला या स्वच्छ पानी पीने, भोजन की स्वच्छता बनाए रखने और डायरिया के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करने की सलाह दी जा रही है।
कोट
डायरिया के मामलों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। टीमें प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही हैं।
-डॉ. रमेश रत्तू, बीएमओ, टौणी देवी