पदोन्नति, वरिष्ठता क्रमांक जारी करने और तबादला नीति में बदलाव की सरकार से मांग
हमीरपुर। प्रदेश सर्व टीजीटी महासंघ की राज्य स्तरीय बैठक रविवार को गूगल मीट के माध्यम से प्रदेशाध्यक्ष सुनील कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राज्य कार्यकारिणी सहित सभी जिलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद सरकार के समक्ष प्रमुख मांगें रखने का निर्णय लिया गया। महासंघ ने मांग की कि सीबीएसई विद्यालयों में शिक्षकों के युक्तिकरण से पहले संबंधित शिक्षकों को उनके विद्यालयों के आसपास समायोजित किया जाए।
इसके अलावा टीजीटी से प्रवक्ता और मुख्याध्यापक पदों पर लंबित पदोन्नतियां जल्द करने, विज्ञान विषय के टीजीटी शिक्षकों को प्रवक्ता पद पर पदोन्नति देने, वर्ष 2020 के बाद नियमित हुए सभी टीजीटी शिक्षकों के वरिष्ठता क्रमांक जल्द जारी करने और वर्षों से लंबित कंफर्मेशन प्रक्रिया पूरी करने की मांग उठाई गई।
महासंघ ने तबादला नीति में संशोधन करते हुए स्थानांतरण की अधिकतम दूरी 30 किलोमीटर से घटाकर 15 या 20 किलोमीटर करने तथा तबादले के बाद जॉइनिंग अवधि पांच दिन से बढ़ाकर 15 दिन करने की मांग भी रखी। साथ ही छठी कक्षा के लिए फॉर्मेटिव असेसमेंट (एफए) और समेटिव असेसमेंट (एसए) का प्रारूप जल्द जारी करने की मांग की गई।
बैठक में राज्य संरक्षक योगेश शर्मा, महासचिव सुनील शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव शेरिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।