बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में पूजा अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालु।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को श्रद्धालुओं का खूब सैलाब उमड़ा। रविवार को करीब सात हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेका। त्योहारी सीजन के चलते शनिवार शाम से ही बाबा के दरबार में श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए थे। रविवार सुबह को ही श्रद्धालुओं की कतारें मंदिर परिसर में लग गईं। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पूरा मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंज उठा।
श्रद्धालु भीड़ में हाथों में झंडे लेकर बाबा के जयकारे लगाते हुए गुफा की ओर बढ़े। मंदिर परिसर में भीड़ काफी रही, लेकिन प्रशासन व ट्रस्ट की तरफ से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं और श्रद्धालुओं को बाबा की पवित्र गुफा के दर्शन करवाए गए। एसडीएम बड़सर शशि पाल शर्मा ने बताया कि रविवार के दिन मंदिर में काफी चहलपहल रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में पुख्ता प्रबंध किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।