बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
30 हजार श्रद्धालुओं ने सिद्ध बाल योगी के चरणों में नवाया शीश
शनिवार और रविवार को मंदिर न्यास ने 24 घंटे खुला रखा मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। चैत्र मेले के बाद भी बाबा बालक नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को मंदिर में 30 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। मंदिर में शनिवार शाम ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए न्यास की ओर से 24 घंटे मंदिर खुला रखा गया। रविवार सुबह बैरियर नंबर एक से लेकर अपर बाजार मंदिर गेट तक अपंग व बुजुर्ग श्रद्धालुओं को निशुल्क टैक्सी सेवा मुहैया करवाई गई। जिला प्रशासन की ओर सेे चैत्र मेलों के दौरान श्रद्धालुओं के लिए सुविधा उपलब्ध कराई गई थी ताकि उन्हें मंदिर तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
मंदिर में रविवार दोपहर बाबा का गुणगान करते हुए श्रद्धालुओं ने एक-एक करके बाबा के चरणों में शीश नवाया। हालांकि, चैत्र मेलों का समापन हो गया है लेकिन अभी भी मंदिर में नवविवाहित जोड़े दर्शन करने जबकि किसान नई फसल का रोट चढ़ाने के लिए पहुंच रहे हैं। मान्यता है कि नई फसल का रोट चढ़ाने से किसानों पर बाबा की कृपा बनी रहती है। ऐसे में हिमाचल सहित बाहरी राज्यों से श्रद्धालु बड़े-बड़े जत्थों में बाबा के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी ने कहा कि न्यास प्रशासन ने अपंग बच्चों और बुजुर्गों के लिए मुफ्त टैक्सी सेवा उपलब्ध करवाई है। गर्मी की अधिकता को देखते हुए लाइनों में खड़े श्रद्धालुओं को पीने का पानी भी मुहैया करवाया गया। मंदिर में श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए न्यास प्रयासरत है।