डिपो धारकों की मांगों पर सरकार अभी तक नहीं ले पाई है निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मांगें पूरी न होने के चलते डिपो धारकों ने जुलाई माह का राशन निगम के गोदामों से नहीं उठाया है। उपभोक्ताओं को राशन लेने में दिक्कतें आ सकती हैं। प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि डिपो धारकों की मांगें लंबे समय से लंबित पड़ी हैं। इन्हें प्रदेश डिपो संचालक समिति अनेकों बार सरकार और विभाग के समक्ष रख चुकी है, लेकिन मांगों पर सरकार ने कोई गौर नहीं किया है।
उन्होंने बताया कि विभाग ने डिपो धारकों से उपभोक्ताओं को फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से राशन वितरित करवाना है तो डिपो धारकों को मोबाइल देने की मांग भी सरकार और विभाग से की गई थी। इस पर विभाग और सरकार अभी तक कोई निर्णय नहीं ले पाई है। डिपो संचालक अपनी मांगें पूरी न होने के कारण सरकार व विभाग से निराश हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं व 5200 डिपो धारकों के हित में शीघ्र निर्णय लेगी। अन्यथा प्रदेश के डिपो धारक अपने आंदोलन को नई दिशा देने पर मजबूर होंगे।