गसोता मंदिर परिसर में प्रदर्शन करतीं महिलाएं। -स्रोत : जागरूक पाठक
ताल (हमीरपुर)। गसोता मंदिर और गोशाला में कार्यरत एक महिला कर्मचारी की निर्मम पिटाई के मामले में स्थानीय महिलाओं ने मंगलवार को मंदिर परिसर में प्रदर्शन किया। महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि गसोता मंदिर और गोशाला कमेटी के प्रधान ने उसे डंडों से मारा है। इस संबंध में महिला ने पुलिस के पास शिकायत भी दर्ज करवाई है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इस कारण उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। महिलाओं ने मंदिर परिसर में एकत्र होकर मंदिर कमेटी प्रधान दुनी चंद मुर्दाबाद के नारे लगाए और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़िता और उनके परिजनों ने महिला आयोग के समक्ष भी शिकायत दर्ज करने का फैसला लिया है।
बता दें कि कुछ दिन पहले गसोता गोशाला में कार्यरत चमनेड़ निवासी महिला के साथ डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया था। अब महिलाओं ने कमेटी प्रधान के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पद से हटाने की मांग की है। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि महिला कर्मचारी की पिटाई करने वाले प्रधान को तुरंत पद से हटाया जाना चाहिए।
महिला का मेडिकल करवाया गया है और मामले में विशेषज्ञ चिकित्सक की निगरानी में आगे की जांच की जाएगी। शिकायतकर्ता महिला को जांच अधिकारी द्वारा मेडिकल के लिए बुलाया गया है, लेकिन उनकी ओर से सहयोग नहीं मिला है। पुलिस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। -भगत सिंह ठाकुर, पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर
महिला की ओर से आधारहीन आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही जांच के परिणाम सबके सामने आएंगे। जानबूझ कर मामले को तूल दिया जा रहा है। -दुनी चंद, प्रधान, गसोता मंदिर और गोशाला कमेटी