सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के लोगों ने एचआरटीसी प्रबंधन से पांच वर्षों से बंद पड़े सुजानपुर-कुल्लू-मनाली बस रूट को जल्द बहाल करने की मांग की है। इस रूट पर पांच वर्ष पहले तक नियमित बस सेवा संचालित होती थी, लेकिन इसे अचानक बंद कर दिया गया।
अब सीधी बस सेवा न होने से यात्रियों को हमीरपुर या भोटा जाकर बसें बदलनी पड़ती हैं। लोगों का कहना है कि इस व्यवस्था से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगाने के साथ दोगुना किराया भी चुकाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सुजानपुर से कुल्लू और मनाली के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।
स्थानीय लोगों में जोगिंद्र सुडियाल, तिलक राज, विनोद कुमार और रविंदर सहित अन्य लोगों ने प्रदेश सरकार और परिवहन विभाग से जनहित में इस बस रूट को जल्द बहाल करने की गुहार लगाई है।
कोट:
इस बारे में लिखित में कोई मांग नहीं है। अगर लिखित में मांग आती है तो उच्च अधिकारियों को मांग भेजी जाएगी।
-राहुल शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी हमीरपुर