नादौन में एनएच की जद में आए घरों के लोग एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। शिमला-धर्मशाला फोरलेन की जद में आ रहे नादौन के वार्ड एक, छह और सात के लोगों ने राजीव जस्सल की अगुवाई में एडीएम के माध्यम से उपायुक्त हमीरपुर को मांग पत्र सौंपा है।
लोगों ने कहा है कि वह अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित हैं। अधिकांश लोग काफी गरीब हैं। उनका कमाई तक का भी कोई नियमित साधन नहीं है। ऐसे लोगों के घर फोरलेन के नए सर्वेक्षण की जद में आ रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो इन गरीब परिवारों को सबसे अधिक नुकसान होगा।
उन्होंने सुझाव दिया है कि फोरलेन को घरों से करीब 10 मीटर की दूरी पर खाली भूमि में बनाया जाए। इससे उनके घर टूटने से बच जाएंगे और उन भू मालिकों को भी इस पर कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने बताया कि उनके घरों से आगे काफी जमीन खाली है। ऐसे में न केवल उनके घर टूटने से बच जाएंगे बल्कि सरकार को भी कम मुआवजा देना पड़ेगा। लोगों ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि वह स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें ताकि उचित निर्णय ले सकें। इस अवसर पर निशा, अंजू, मोनिका, रामकुमारी, नीलम, सुमन बाला, कौरा देवी, पूनम, अर्चना आदि उपस्थित रहे।