हमीरपुर। प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संघ की बैठक बुधवार को लोक निर्माण विभाग हमीरपुर में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान नरेश शर्मा ने की। इसमें जिला हमीरपुर के विभिन्न क्षेत्रों से स्वतंत्रता सेनानियों के पारिवारिक सदस्यों ने भाग लिया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सदस्यों ने स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों को आ रही समस्याओं पर चर्चा की और विभिन्न मांगों को लेकर एक पत्र तैयार कर मुख्यमंत्री को भेजने का प्रस्ताव पारित किया।
पत्र में प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड का शीघ्र गठन करने की मांग की गई। साथ ही बोर्ड में स्वतंत्रता सेनानियों के साथ-साथ आश्रित परिवारों के चार से पांच सदस्यों को भी मनोनीत करने का प्रस्ताव रखा गया।
इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों को मिलने वाले आरक्षण एवं सुविधाओं को पीढ़ी दर पीढ़ी जारी रखने और आरक्षण को तीन प्रतिशत तक बढ़ाने की भी मांग उठाई गई।
इस दाैरान प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनके सम्मान व हितों के लिए बोर्ड के पुनर्गठन की आवश्यकता है। बैठक में कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। संवाद