सस्ते राशन की दुकानों में घटिया किस्म का राजमा मिल रहा है। विभाग द्वारा डिपुओं में पालिश किए राजमा की आपूर्ति की जा रही है, जो उबालने के बावजूद नहीं पक रहे हैं। यहां तक कि राजमा का आकार भी छोटा है।
ऐसे में उपभोक्ताओं ने प्रदेश सरकार और विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए हैं। उपभोक्ताओं में कश्मीर सिंह, देशराज, सरवण सिंह, प्रभात सिंह, बलवान चंद, होशियार सिंह, प्रकाश चंद, दिलीप कुमार, नरोत्तम दास, माया देवी, किशोरी लाल आदि का कहना है कि डिपुओं में पालिश किए राजमा की आपूर्ति की जा रही है। राजमा उबालने के बाद भी ठीक तरह से नहीं पक रहे हैं। उबालने के बाद राजमा काफी रंग भी छोड़ रहे हैं।
इससे जाहिर है कि विभाग और सरकार ने डिपुओं में राशन की खानापूर्ति के लिए राजमा की सप्लाई दी जा रही है। उपभोक्ताओं में मलाल है कि तीन माह से दालों का कोटा नहीं मिला। तीन माह बाद डिपुओं में राजमा की सप्लाई पहुंची है, जो खाने योग्य नहीं हैं। लोगों ने विभाग से मांग की है कि डिपुओं में घटिया किस्म के राजमा की आपूर्ति न की जाए।
डिपुओं में राजमा की सप्लाई दी जा रही है। राजमा की किस्म घटिया होने की जानकारी अभी मेरे ध्यान में आई है। अगर ऐसा है तो इसकी जांच की जाएगी। उपभोक्ताओं की भी मेरे पास लिखित शिकायत नहीं आई है।
-जेसी वर्मा, डीएफसी हमीरपुर।