दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में शनिवार शाम एक बार फिर बैरियर नंबर-1 के पास पहाड़ी से मलबा गिरने की घटना सामने आई। गनीमत यह रही कि उस समय श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि बाद में हालात सामान्य कर दिए गए।
स्थानीय दुकानदारों सुदेश डढवाल, सुनील दत्त, सुरेंद्र कुमार, प्रेम कुमार, विजय कुमार और महेंद्र सिंह आदि ने बताया कि इस स्थान से पहले भी मलबा गिरा था, उसी जगह से दोबारा पत्थर और मिट्टी सड़क पर आ गिरी है। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
गौरतलब है कि चैत्र मेलों के दौरान भी इसी स्थान से मलबा गिरने की घटना हुई थी, जिसके बाद प्रशासन ने सूखे पेड़ों को हटाने और पानी की बौछार से मलबा नियंत्रित करने के प्रयास किए थे, लेकिन पहाड़ी से पत्थर गिरने का क्रम अभी भी जारी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने की मांग की हैए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही दियोटसिद्ध पुलिस चौकी से एएसआई हितेश चंदेल दलबल सहित मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त मंदिर अधिकारी सूरम सिंह ठाकुर भी कर्मचारियों के साथ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियातन ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया और अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई।
कोट
जल्द ही इस स्थान पर ग्रूटिंग इत्यादि करवाकर स्थान को सुरक्षित किया जाएगा ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
-स्वाति डोगरा, मंदिर न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर