भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत धिरड़ गांव में ट्राले की टक्कर से वृद्ध की मौत हो गई। ट्राले को पीछे करते समय वृद्ध इसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी अनुसार गांव धिरड़ के समीप शुक्रवार शाम सड़क पर जा रहे स्थानीय निवासी ध्यान सिंह (75) को ट्राले ने टक्कर मार दी। ग्रामीण घायल को इलाज के लिए भोरंज अस्पताल ले आए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने ट्राला चालक कमल देव गांव बिंडला डाकघर नगरोटा गाजियां तहसील भोरंज जिला हमीरपुर के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। भोरंज थाना प्रभारी सीआर चौधरी ने बताया कि ट्राले की टक्कर से व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है।