प्रशासन और विभाग बना है मूकदर्शक, कर रहे दुर्घटना का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन/कांगू (हमीरपुर)। लगातार हो रही बारिश से उपमंडल नादौन में सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर गड्ढे पड़ गए हैं। इससे यहां हर रोज दुर्घटनाएं हो रही हैंं। नादौन बस अड्डे के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले एक माह से बड़ा गड्ढा पड़ा हुआ है। इस स्थान पर दोपहिया वाहन चालकों को अपने वाहनों को निकालना मुश्किल हो रहा है। यहां पर हर वक्त दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। वाहन चालकों का कहना है कि इस गड्ढे को पड़े हुए करीब एक माह से ज्यादा का समय बीत चुका है और कई दोपहिया वाहन सवार इसमें गिरकर घायल भी हो रहे हैं लेकिन स्थानीय प्रशासन इसकी सुध नहीं ले रहा है। वर्तमान में यह गड्ढा बहुत बड़ा हो चुका है।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर से ज्वालाजी और कांगड़ा से नादौन की ओर आने वाली छोटी बड़ी गाड़ियों के चालकों को यह गड्ढ़ा नजर नहीं आता है और ऐसे में चालक दुर्घटना का शिकार होते हैं। अन्य स्थानों पर भी गड्ढों से लोग परेशान हैं। लोगों सुरेश, निर्मल, ज्योति प्रकाश, कमलदेव आदि ने मांग की है कि संबंधित विभाग के अधिकारी सड़कों के उचित रखरखाव के लिए कार्य करें। इस बारे में एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल ने कहा कि समस्या ध्यान में लाई गई है। जल्द समाधान करवा दिया जाएगा