मैहरे (बड़सर)। न डीएसी दिया...न गैस सिलिंडर डिलीवर हुआ...और न ही भुगतान किया...फिर भी बैंक खाते में आई सब्सिडी ने गैस एजेंसी और सिविल सप्लाई विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिह्न लगा दिया है। उपभोक्ता को गैस सिलिंडर की सप्लाई देने पहुंचे कर्मचारी बुकिंग के रद्द होने का हवाला दे रहे थे कि तभी उनके मोबाइल फोन पर करीब 38 रुपये सब्सिडी मिलने का मैसेज आया।
मैसेज देखते ही उपभोक्ता अचंभित रह गया। ग्राम पंचायत कोहडरा के खरोटा गांव निवासी अजय सिंह ने बताया कि उन्होंने 22 मार्च को गैस सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग करवाई थी। इसके बाद उन्हें डीएसी भी प्राप्त हुआ। 24 मार्च को उनके मोबाइल फोन पर सिलिंडर डिलीवरी का मैसेज आया। इसमें 1656 रुपये का इनवॉइस दर्शाया था। जब 14 अप्रैल को गैस सप्लाई की गाड़ी गांव पहुंची तो उन्हें बताया गया कि उनकी बुकिंग रद्द हो चुकी है। उन्हें दोबारा बुकिंग करनी पड़ेगी। जब वह इस विषय पर बात कर रहे थे तभी उनके बैंक खाते में गैस सब्सिडी जमा होने का मैसेज आ गया।
मार्च माह की सभी बुकिंग रद्द कर दीं थी। अब नई बुकिंग की जा रही हैं। इस तरह का मामला पहली बार सामने आया है। यदि कहीं इस प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो इसकी जांच जरूर की जाएगी।
-रीता चौहान, क्षेत्रीय प्रबंधक, सिविल सप्लाई विभाग, हमीरपुर
मेरे पास अस्थायी प्रभार है। इस मामले में मुुझे जानकारी नहीं है। यदि ऐसा कोई मामला है तो उसकी छानबीन की जाएगी।
-विकास कुमार, कार्यकारी प्रभारी, इंडेन गैस एजेंसी बड़सर