हमीरपुर। कांग्रेस प्रचार कमेटी के चेयरमैन एवं टिकट वितरण कमेटी के सदस्य सुखविंद्र सिंह सुक्खू की वीरवार को गांधी चौक हमीरपुर पर आयोजित जनसभा में 7 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जेब कट गई। इस दौरान किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल चंबियाल का करीब 60,000 रुपये की कीमत का मोबाइल चोरी हो गया। वहीं, किसान कांग्रेस के महासचिव चंद्रशेखर शर्मा का पर्स चोरी हो गया।
शर्मा ने बताया कि पर्स में करीब 5 हजार रुपये और लाइसेंस व अन्य जरूरी दस्तावेज थे। एक अन्य कार्यकर्ता के 20,000 हजार रुपये चोरी हो गए। जनसभा और रोड शो के दौरान पांच अन्य कार्यकर्ताओं के पर्स चोरी हुए हैं। इनमें हजारों रुपये नगदी थी। पूर्व में विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर के विधायक राजेेंद्र राणा की स्वागत रैली में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जेबेें कटी थीं। वीरवार को भोटा चौक से गांधी चौक तक हुई रैली व जनसभा के दौरान ही चोरों ने मोबाइल व पर्स पर हाथ साफ किए हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी सदर राजेश कुमार ने कहा कि मोबाइल चोरी होने की शिकायत आई है, शेष चोरियों की शाम तक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि सात से अधिक कार्यकर्ताओं के पर्स और मोबाइल फोन चोरी हुए हैं। इस बारे में पुलिस में शिकायत दी है।
राजीव चोपड़ा की कांग्रेस में वापसी
कांग्रेस सेवादल के पूर्व में अध्यक्ष रहे राजीव चोपड़ा की कांग्रेस में वापसी हो गई है। वह जयराम सरकार बनने के बाद कांग्रेस को छोड़ भाजपा में चले गए थे, लेकिन वीरवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर आयोजित जनसभा के दौरान सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया।