बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में बाबा के दर्शनों के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालु।
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में ज्येष्ठ रविवार को श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। सुबह के समय सैकड़ों वाहनों में सवार होकर श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा की पवित्र गुफा में माथा टेका और बाबा का आशीर्वाद लिया। यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को न्यास प्रशासन की ओर से हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
बाबा बालक नाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। लंबी कतारों में श्रद्धालुओं को कई घंटों तक दर्शनों के लिए खड़ा रहना पड़ा। प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और देश-विदेश से हर रोज हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए आ रहे हैं। रविवार को 12,000 भक्तों बाबा जी पवित्र गुफा के दर्शन किए। एसडीएम बड़सर रोहित शर्मा ने कहा कि रविवार के दिन काफी संख्या में भक्त पहुंचे और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।