पुलिस थाना सुजानपुर के अंतर्गत ब्यास पुल से एक युवक ने छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कर दी है। बारिश के चलते ब्यास का जल स्तर अधिक होने से पुलिस को युवक का सुराग नहीं लग पाया।
अश्वनी कुमार निवासी सुजानपुर ने पुलिस को बताया कि करीब सवा तीन बजे वह सुजानपुर से आलमपुर की तरफ बाइक पर जा रहा था। इस दौरान एक युवक पुल पर लाल रंग का बैग लेकर खड़ा था। इसने काले रंग की कमीज पहन रखी थी।
उसकी उम्र करीब 16 साल और कद साढ़े पांच फीट के करीब होगा। उस युवक ने अचानक पुल से छलांग लगा दी। लोगों ने शोर मचाया तो उसने लोगों के साथ युवक को करीब 200 मीटर तक पानी में बहते देखा। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी।
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच युवक की तलाश शुरू कर दी लेकिन देर शाम तक युवक का सुराग नहीं लग पाया। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंच युवक की तलाश शुरू कर दी है। लंबा गांव चौकी से भी पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। युवक की तलाश जारी है।
दो सप्ताह में तीसरी वारदात
दो सप्ताह के भीतर जिला में तीन लोगों ने छलांग लगाई है। करीब दो सप्ताह पहले भलेठ में रह रहे एक प्रवासी ने भलेठ पुल से छलांग लगाई थी। उसका अब तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है। बीते सप्ताह व्यास पुल नादौन ने सुषमा निवासी बेला ने छलांग लगाई थी। बुधवार को एक अन्य अज्ञात युवक ने छलांग लगा दी।