पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत ठठवानी की एक महिला ने अपने पति की मौत के लिए दो निजी कंपनियों को जिम्मेवार ठहराया है। महिला का आरोप है कि दोनों निजी कंपनियों ने उसके पति से 60 लाख रुपये ठगे हैं।
इसके चलते उसके पति ने तनाव में आकर आत्महत्या की। कश्मीरो देवी पत्नी स्व. अमरजीत शर्मा गांव चौंतरा, ठठवानी तहसील भोरंज का आरोप है कि उसके पति अमरजीत शर्मा सहकारी सभा पंधेड़ में सचिव के पद पर कार्यरत थे।
4 जून 2016 को अमरजीत ने आत्महत्या कर ली। परिजनों को उसकी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया। 19 जून 2016 को सहकारी सभा का ऑडिट शुरू हुआ।
ऑडिट के दौरान उन्हें पता चला कि दिल्ली और गाजियाबाद की दो कंपनियों ने उसके पति से धोखे से 60 लाख रुपये ठगे हैं। जब उसके पति को ठगी का शिकार होने का पता चला तो तनाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली।
कश्मीरो देवी ने दोनों कंपनियों को उसकी पति की मौत का जिम्मेवार ठहराया है। एएसपी शिव कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।