कैश डिपोजिट मशीन (सीडीएम) में एक ग्राहक के 49 हजार रुपये फंस गए हैं। पीड़ित व्यक्ति हमीरपुर में भवन निर्माण का कार्य करता है। यह मामला 10 अप्रैल का है। पीड़ित व्यक्ति सुंदर कुमार पुत्र भागेल केवट निवासी गांव कलोरा, डाकघर बासगांव, जिला गोरखपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। व्यक्ति ने बैंक प्रबंधन से इस मामले की शिकायत की है लेकिन अभी तक महज आश्वासन ही मिल रहे हैं।
सुंदर कुमार ने बताया कि 10 अप्रैल को उन्होंने अपने गांव के रहने वाले परिवार को रुपये भेजने थे। उसका घर जाने का अभी तक कोई कार्यक्रम नहीं था। इसके चलते हमीरपुर बस स्टैंड से नादौन की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की सीडीएम मशीन में 99 हजार रुपये जमा करवाए। पहले 48 हजार रुपये जमा करवाए।
इसके बाद 51 हजार जमा करवाए लेकिन दो हजार रुपये बाहर आ गए जबकि 49 हजार मशीन के अंदर ही रहे। इसके बाद दो हजार रुपये भी जमा करवा दिए गए। हालांकि, बाद में जब पास बुक में एंट्री करवाई तो उसमें महज 50 हजार रुपये की ही एंट्री हुई।
शेष 49 हजार की एंट्री नहीं हुई। इससे पता चलाकि शेष राशि खाते में जमा नहीं हुई। सुंदर कुमार ने कहा कि उन्होंने बैंक प्रबंधन से लिखित में इसकी शिकायत की है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा सकी है।
सीडीएम कक्ष में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं जिससे पता चल जाएगा कि रुपये जमा हुए हैं या नहीं। उनका आरोप है कि बैंक प्रबंधन से महज आश्वासन ही मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें रुपये वापस नहीं मिलते हैं तो पुलिस में शिकायत की जाएगी।
एसबीआई हमीरपुर शाखा के प्रबंधक एचएस नेगी ने कहा कि बैंक प्रबंधन मामले की जांच कर रहा है। मशीन की जांच के लिए टेक्नीशियन बुलाए हैं। मंगलवार तक मामला सुलझा लिया जाएगा।