करारी इलाके की रहने वाली किशोरी की पड़ोसी युवक ने फिर इज्जत लूट ली। महीने भर पहले युवक ने साथी के साथ मिलकर किशोरी से दरिंदगी की थी। पड़ोसी की हवस का शिकार हो रही पीड़िता खौफजदा है। शिकायत पर पुलिस ने डांटकर थाने से भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख शुक्रवार को मां के साथ मंझनपुर पहुंची पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई।
करारी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी पड़ोसी युवक की दरिंदगी से खौफजदा है। मौका पाते ही युवक उसे हवस का शिकार बना लेता है। महीने भर पहले साथी के साथ दरिंदगी करने के बाद बुधवार की दोपहर फिर उसकी इज्जत लूट ली। मनमानी करने के बाद कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकला। पड़ोसी युवक की दरिंदगी का शिकार किशोरी ने घर लौटकर परिजनों को आपबीती बताई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत करने पर पुलिस ने उसे डांटकर थाने से भगा दिया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख शुक्रवार को मंझनपुर पहुंची पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई। एसपी वीके मिश्र ने एसओ करारी को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। उधर करारी एसओ महेन्द्र सिंह का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। तफ्तीश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।