उपमंडल के गांव जमली में कर्म चंद के घर में शातिरों ने ताले तोड़ 90 हजार की नकदी और गहने चोरी कर लिए। महिला कमरे में ताले लगाकर पास के गांव में अपनी बहन के घर गई हुई थी। सुबह लौटकर देखा तो कमरे के ताले टूटे हुए थे। \
सूचना पर पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। दियोटसिद्ध पुलिस चौकी के अंतर्गत जमली गांव की माया देवी पत्नी कर्म चंद ने शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार शाम को घर में ताले लगाकर साथ लगते गांव में अपनी बहन के पास गई थी।
सुबह वापस लौटी तो देखा कि कमरे के ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर अलमारी खुली पड़ी थी और सोने की नथ, टिक्का और चांदी की पायल आदि गहने और कुछ नकदी गायब थी।
बड़सर थाना प्रभारी मुकेश कुमार एवं पुलिस चौकी दियोटसिद्ध प्रभारी एएसआई डीके शर्मा पुलिस टीम सहित घटना स्थल पर पहुंचे और घर का मुआयना किया। इस वारदात में लगभग साढ़े तीन तोले सोने के गहने एवं पांच हजार रुपए नकदी चोरी होने की बात सामने आ रही है।
चोरी की घटनाओं से लोगों में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने चोरी का मुकद्दमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
बड़सर पुलिस थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने पुष्टि कर बताया कि पुलिस ने चोरी का मुकद्दमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।