हाई स्कूल बल्याह में कमरे के ताले तोड़कर शातिर कंप्यूटर लैब से 10 कंप्यूटर उड़ा ले गए। पुलिस ने हेडमास्टर की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। चोरों तक पहुंचने को मौके पर डॉग स्क्वॉयड को बुलाया है।
स्कूल में एसएमसी के तहत तैनात चौकीदार रात को 11 बजे स्कूल से घर चला गया। सुबह साढ़े पांच बजे आकर देखा तो कंप्यूटर कक्ष के कमरे के ताले टूटे थे। उन्होंने मुख्याध्यापक को इसकी सूचना दी।
कमरे में 10 मोनीटर, दो सीपीयू, एक प्रिंटर, की-बोर्ड और माउस आदि गायब थे। मुख्याध्यापक ने पंचायत और पुलिस को चोरी होने की सूचना दी। पंचायत प्रधान वीना शर्मा, उपप्रधान प्रवीण शर्मा मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। यहां तक कि चोरों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वॉयड को भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस बुधवार को दिन भर चोरों का सुराग नहीं लगा पाई है।
डीएसपी अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों का सुराग लगा लिया जाएगा।