टौणीदेवी तहसील के तहत लोहाखर गांव में मजदूरी करने वाले एक व्यक्ति के सिर पर अचानक रसोई की चिमनी आ गिरी। इससे मजदूर की मौत हो गई। मृतक मजदूर की पहचान सुशील कुमार पुत्र कर्म चंद निवासी करसोह ग्राम पंचायत गवारडू तहसील टौणी देवी के रूप में हुई है। हादसे के बाद घायल मजदूर को टौणीदेवी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुशील कुमार लोहाखर में एक निजी भवन के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। निर्माण कार्य के दौरान अचानक उसके सिर पर रसोई घर की चिमनी आ गिरी। इससे सुशील कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आईं। सुशील कुमार को प्राथमिक उपचार के लिए टौणीदेवी अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उससे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। शनिवार को उसके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की आर्थिक मदद जारी की है।
उधर, तहसीलदार टौणीदेवी जोगेंद्र पटियाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत जारी कर दी गई है। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह डोगरा ने सुशील कुमार के निधन पर शोक प्रकट करते हुए जिला प्रशासन से पीड़ित गरीब परिवार की मदद करने की मांग की है।